दृष्टिबाधित क्रिकेटर सुजीत मुंडा सहित पूरी भारतीय टीम को दी शुभकामनाएं
रांची: राजभवन के समक्ष पिछले 26 नवंबर से अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन कर रहे दिव्यांगों ने दृष्टिबाधित क्रिकेट T20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत पर केक काटकर खुशियां मनाई। झारखंड दिव्यांग आंदोलन संघ के बैनर तले चल रहे धरना प्रदर्शन के दौरान दिव्यांगों ने दृष्टिबाधित क्रिकेटर सुजीत मुंडा सहित पूरी भारतीय टीम को इस जीत के लिए हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
बता दें कि झारखंड दिव्यांग आंदोलन संघ के बैनर तले राज्य के दिव्यांगजन इस कड़ाके की ठंड में भी पिछले 26 नवंबर से लगातार अपने हक और अधिकार के लिए धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच इसी संगठन के बीच से उभरे प्रतिभाशाली दिव्यांग दृष्टिबाधित क्रिकेटर सुजीत मुंडा और भारतीय टीम की उपलब्धि पर दिव्यांगों में अपार खुशी का माहौल है।
धरने पर बैठे दिव्यांगों ने केक काटकर खुशियां मनाने के साथ ही कहा कि सुजीत मुंडा दृष्टिबाधित क्रिकेटर होने के बावजूद T20 वर्ल्ड कप में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे, जिसके कारण उन्हें मैन ऑफ द सीरीज का पदक मिला। इससे झारखंड के दिव्यांगों का हौसला भी बुलंद हुआ।
दिव्यांगों ने कहा कि सुजीत मुंडा के इस बेहतरीन प्रदर्शन पर न केवल झारखंड दिव्यांग आंदोलन संघ को, बल्कि समस्त झारखंड वासियों को सुजीत मुंडा पर गर्व है। संघ के पदाधिकारियों ने सुजीत मुंडा से फोन पर बात करके उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई भी दी।
दिव्यांगों ने बताया कि बातचीत के दौरान सुजीत मुंडा ने कहा है कि वह झारखंड लौटते ही सबसे पहले धरना स्थल पर आएंगे और अपने दिव्यांग भाइयों के हक और अधिकार के लिए धरना स्थल पर डटे रहेंगे। उन्होंने कहा कि दिव्यांग कमजोर नहीं, बल्कि ताकतवर हैं और अपने हक और अधिकार के लिए संघर्ष करने के लिए भी तैयार हैं।
इस अवसर पर झारखंड दिव्यांग आंदोलन संघ के प्रदेश संयोजक सुरेंद्र कुशवाहा उर्फ कोरील कुमार, डॉ. शमशेर आलम राही, आफताब आलम, मुकेश कंचन, जाहिद अंसारी, उद्दीन, सुनीता कुमारी, रोशन कुमारी सिन्हा, सरोज बारला सहित अनेक दिव्यांगजन उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment