झारखंड प्रदेश भाजपा के नेताओं ने दिग्गज नेता समरेश सिंह के निधन पर जताया शोक, अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में उनकी भूमिका पर डाला प्रकाश

पूर्व मंत्री समरेश सिंह (फाइल फोटो) के निधन पर भाजपा नेताओं ने जताया शोक

रांची: झारखंड के पूर्व मंत्री जुझारू एवं संघर्षशील नेता समरेश सिंह का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने जनसंघ से लेकर भाजपा तक की यात्रा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया था। अलग झारखंड राज्य की लड़ाई में उन्होंने वनांचल आंदोलन में शामिल होकर लंबी लड़ाई लड़ी थी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने दिग्गज नेता समरेश सिंह के निधन पर दुख जताते हुए उपरोक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि स्व. समरेश सिंह एक जुझारू और संघर्षशील नेता थे। उन्होंने उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की।

भाजपा के विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी अपनी ओर से शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि स्व. समरेश सिंह एक मजबूत और जुझारू नेता थे। उनका निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा कि वनांचल आंदोलन में स्व. समरेश सिंह के संघर्ष और योगदान को राज्य की जनता हमेशा याद रखेगी। उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।

शोक संवेदना प्रकट करने वालों में पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, डॉ. प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय सहित कई अन्य शामिल थे।

Comments