जेसीआई एक्सपो उत्सव जैसे आयोजनों से झारखंड की गरिमा को लगेंगे चार चांद, अर्थव्यवस्था को भी मिलेगी नई गति: राज्यपाल

रांची के मोरहाबादी मैदान में शुरू हुआ जेसीआई का पांच दिवसीय एक्सपो उत्सव

रांची: जेसीआई के एक्सपो उत्सव जैसे आयोजनों से रांची के साथ ही पूरे झारखंड की गरिमा को चार चांद लगेंगे। साथ ही यह आयोजन अर्थव्यवस्था को एक नई गति देने में भी सहायक साबित होगा।

झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने जेसीआई रांची के बैनर तले आयोजित एक्सपो उत्सव का उद्घाटन करते हुए उपरोक्त बातें कहीं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने के साथ ही राष्ट्रीय भाषा हिंदी को बढ़ावा देने की बात पर भी जोर डाला।

बता दें कि रांची के मोरहाबादी मैदान में जेसीआई रांची के बैनर तले बहुचर्चित एक्सपो उत्सव का उद्घाटन 24 नवंबर (गुरुवार) को राज्यपाल रमेश बैस के हाथों हुआ। यह आयोजन 28 नवंबर तक चलेगा। इसमें 8 हैंगर लगाए गए हैं, जिनमें लगभग सवा 300 देशी और विदेशी स्टॉल देखने को मिलेंगे।

मंच का संचालन करते हुए जेसीआई रांची के पूर्व अध्यक्ष अनंत जैन ने राज्यपाल रमेश बैस का स्वागत किया और वर्तमान अध्यक्ष सौरव साह को मंच की कमान सौंपी।

सौरव साह ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण 2 वर्ष तक एक्सपो उत्सव का आयोजन नहीं हो सका था। रांचीवासी इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। बड़े ही उत्साह के साथ इस वर्ष यह आयोजन फिर से शुरू किया गया है।

एक्सपो चीफ अभिषेक केडिया ने बताया कि इस वर्ष एक्सपो उत्सव में पुरी से सैंड आर्टिस्ट आए हैं, जो इस उत्सव को खास बनाएंगे। साथ ही क्यूआर स्कैनिंग सिस्टम लगाया गया है, जिससे एक्सपो के अंदर आते ही आपको एक्सपो में लगाए गए सभी स्टॉल की जानकारी मिल जाएगी।

उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया की बात को ध्यान में रखते हुए पूरे एक्सपो परिसर को वाईफाई जोन बनाया गया है, ताकि लोगों को सामान की खरीद बिक्री में किसी प्रकार की समस्या न हो सके। साथ ही नए बिजनेसमैन को अपने व्यवसाय में बढ़ावा देने के लिए एक्सपो में नया स्टार्टअप जॉन भी तैयार किया गया है।

एक्सपो के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यहां पिंक हैंगर, रीयल स्टेट का अपना घर हैंगर, ब्रिस्टो कैफे, फनगोला, फूड कोर्ट, फर्नीचर जोन, ऑटो जोन, प्रीमियम हैंगर आकर्षण के मुख्य केंद्र हैं।

इस अवसर पर शहर की विभिन्न संस्थाओं के अध्यक्ष एवं सचिव के साथ ही चैंबर के अध्यक्ष किशोर मंत्री ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान जेसीआई रांची के पूर्व अध्यक्ष, सचिव, एक्सपो चीफ और अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

Comments