झारखंड कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने भारत जोड़ो यात्रा में लिया हिस्सा, दिल्ली में संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से की मुलाकात, झारखंड के राजनीतिक घटनाक्रमों की दी जानकारी

झारखंड के 12 जिलों में आयोजित भारत जोड़ो यात्रा से संबंधित जानकारी भी दी

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में पार्टी के विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख एवं विधायक प्रदीप यादव ने इंदौर में केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया। इसके बाद झारखंड वापसी के क्रम में उन्होंने दिल्ली पहुंचकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की और झारखंड के राजनीतिक घटनाक्रमों के साथ ही संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।

उपरोक्त जानकारी देते हुए पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने पार्टी के संगठन महासचिव को झारखंड के 12 जिलों में अब तक आयोजित हुई भारत जोड़ो यात्रा के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में संगठन सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत प्रदेश में प्रखंडवार कार्यक्रम चल रहा है।

राजेश ठाकुर ने संगठन महासचिव को बताया कि प्रदेश प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रखंड एवं मंडल समितियों के सशक्तिकरण के साथ-साथ डिजिटल सदस्यता अभियान के माध्यम से वार्ड, पंचायत एवं बूथ स्तर पर लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ा जा रहा है। साथ ही मार्ग निर्धारण कर सिलसिलेवार तरीके से भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले दिनों पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे की उपस्थिति में सभी नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्षों एवं प्रदेश प्रतिनिधियों का सम्मान सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस दौरान उन्हें अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों के पालन का प्रशिक्षण भी दिया गया।

राजेश ठाकुर ने संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ ही केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय एजेंसियों एवं संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के विरोध में पार्टी की ओर से प्रदेश एवं जिला स्तर पर आयोजित किए जा रहे विरोध कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने झारखंड प्रदेश के नेताओं की तमाम बातों को पूरी गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक राहुल गांधी के नेतृत्व में चलने वाली भारत जोड़ो यात्रा को आम लोगों का अपार समर्थन मिला है। राहुल गांधी ने जिन मुद्दों को उठाया है, उन्हें लेकर हमें बूथ स्तर पर एक-एक व्यक्ति तक पहुंचना होगा। प्रदेश नेतृत्व ने इस बात को लेकर सहमति जताई।

Comments