जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता के अयोजन को सफल बनाने के लिए सभी को सर्वस्व सहयोग की भावना के साथ आगे आना होगा: डॉ. राजेश गुप्ता
आगामी 27 से 29 दिसंबर तक रांची में आयोजित होगी जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता
रांची: झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ की मेजबानी में आगामी 27 से 29 दिसंबर तक रांची में आयोजित होने वाली 32वीं जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन और इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसे लेकर आयोजन समिति की एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी बिंदुओं पर गहन विचार विमर्श किया गया।
32वीं जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता के आयोजन सचिव आलोक दुबे ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में पहली बार राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होने वाला है। इस प्रतियोगिता में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक के लगभग 25 प्रदेशों ने अपनी सहभागिता की सहमति दी है। इस आयोजन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी को मिलजुल कर कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि खेल और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से हम एक-दूसरे की संस्कृति, रहन-सहन और आपसी मेलजोल को साझा कर सकते हैं। झारखंड ने खेलकूद के क्षेत्र में हमेशा ही देश और दुनिया में अपनी एक अलग छाप छोड़ी है। थ्रोबॉल प्रतियोगिता में भी झारखंड का परचम लहराएगा। इतने बड़े आयोजन में सरकार की सहभागिता भी आवश्यक है। साथ ही खेल प्रेमियों को भी आगे बढ़कर उदारता के साथ आयोजन की सफलता में सहयोग करने की आवश्यकता है।
बैठक में अपनी बात रखते हुए संघ के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि झारखंड को मिले इस आयोजन की जिम्मेदारी को सफल बनाने के लिए सभी को सर्वस्व सहयोग की भावना के साथ आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में अतिथियों के आवभगत की परिपाटी रही है और हमें इस परिपाटी को इस आयोजन के साथ ही आगे ले जाना है। साथ ही देश के विभिन्न कोने से आने वाले खिलाड़ियों और पदाधिकारियों के बीच झारखंड की एक अलग पहचान भी स्थापित करनी है।
बैठक में समाज के हर तबके को इस आयोजन से जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्णय भी लिया गया। इसके लिए झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ का प्रतिनिधिमंडल विभिन्न समाजसेवियों और प्रतिनिधियों से मिलकर सहयोग प्राप्त करेगा। साथ ही आयोजन की तैयारियों की समय-समय पर समीक्षा के लिए हर सप्ताह आयोजन समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में डॉ. राजेश गुप्ता, आलोक दुबे, विजेता वर्मा, लाल किशोर नाथ शाहदेव, नगीना कुमार, सोनू सिंह, नीरज वर्मा, अमित कुमार, नीतीश सिंह, राहुल पांडेय, आशुतोष कुमार, प्रशांत पाठक, अमरदीप कुमार, सुमित कुमार, जेबा परवीन, सरस्वती उरांव सहित कई अन्य उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment