मात्र 3 वर्ष में 5000 से अधिक बलात्कार की घटनाएं हुईं, एक जिले में 1000 करोड़ का घोटाला सामने आया: दीपक प्रकाश

किसानों बेरोजगारों के साथ ही राज्य की जनता के साथ छल करने का भी लगाया आरोप

रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने दावा किया है कि झारखंड के मौजूदा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बहुत जल्द पूर्व मुख्यमंत्री कहलाए जाएंगे। उन्होंने पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड में आयोजित आक्रोश मार्च को संबोधित करते हुए उपरोक्त दावा किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के इस सबसे पिछड़े प्रखंड में भी सरकार के खिलाफ आयोजित आक्रोश मार्च में भारी संख्या में लोगों का गुस्सा और आक्रोश देखने को मिल रहा है, जो बताता है कि राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बहुत जल्द पूर्व मुख्यमंत्री कहलाए जाएंगे। उन्होंने हेमंत सरकार पर झूठे वादे करने का आरोप भी लगाया।

दीपक प्रकाश ने हेमंत सोरेन सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि वे अपने घोषणापत्र में झूठे वादे करके और राज्य की जनता को बरगला कर सत्ता तक पहुंचे थे। उन्होंने कहा था कि सत्ता में आते ही 5 लाख लोगों को रोजगार दिया जाएगा। ऐसा न होने पर स्नातकों को हर महीने 5 हजार रुपए तथा स्नातकोत्तरों को हर महीने 7 हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन ने किसानों के 2 लाख रुपए तक के ऋण माफ करने और किसानों को मुफ्त बिजली देने का वादा भी किया था। परंतु क्या किसी एक भी किसान का ऋण माफ किया गया है या फिर उन्हें मुफ्त में बिजली दी जा रही है! राज्य की सरकार अपने ही किए गए हर वादे पर विफल रही है।

दीपक प्रकाश ने कहा कि हद तो तब हो गई, जब भाजपा की पूर्व सरकार द्वारा राज्य के जिन आदिवासियों और पिछड़ों को अनुबंध पर नौकरियां दी गई थीं, उन्हें भी इस सरकार ने छीनना शुरू कर दिया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन जी, शायद आपको अपना वादा याद नहीं होगा, लेकिन राज्य की साढ़े तीन करोड़ जनता को सब कुछ याद है।

उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता हेमंत सरकार के खिलाफ घोषित हो चुकी है और जनता अब राज्य के जल, जंगल, जमीन को लुटते हुए नहीं देख सकती। हेमंत सरकार ने भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड कायम किया है। एक जिले में 1000 करोड़ रुपए का घोटाला उजागर हुआ है।

दीपक प्रकाश ने कहा कि बहन-बेटियां अब अपने घरों में भी अपराधियों और गुंडों से सुरक्षित नहीं हैं। इस सरकार के मात्र 3 वर्ष के कार्यकाल के दौरान ही राज्य में पांच हजार से अधिक बलात्कार की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनौती दी है और अब, जब तक यह सरकार हट नहीं जाती, भाजपा तब तक आंदोलन करती रहेगी।

Comments