भाजपा की ओर से ईडी के माध्यम से हो रहा है झारखंड सरकार को गिराने और नेताओं को डराने का प्रयास: आभा सिन्हा

आभा सिन्हा ने दी भाजपा को चेतावनी: आने वाले चुनाव में जनता देगी मुंहतोड़ जवाब

रांची: झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की प्रवक्ता आभा सिन्हा ने आरोप लगाया है कि वर्तमान में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) एक ऐसी संस्था बनती जा रही है, जिसके जरिए विपक्ष के नेताओं को टारगेट कर अपमानित किया जा रहा है और भ्रष्टाचार में लिप्त भाजपा के नेताओं को बचाया जा रहा है। यह देश के लिए हितकर नहीं है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शासित केंद्र सरकार की एजेंसी ईडी राज्य में अराजकता की स्थिति उत्पन्न करना चाहती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर झारखंड सरकार को गिराने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। भाजपा ईडी के माध्यम से कांग्रेस के नेताओं को डराने का काम कर रही है, लेकिन कांग्रेस के नेता इससे डरने वाले नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में सबसे अधिक भ्रष्टाचार का शासनकाल रघुवर सरकार के समय रहा है और इस बात को भाजपा के नेता स्वयं स्वीकार भी करते हैं। भारतीय जनता पार्टी शासित केंद्र सरकार की एजेंसी ईडी को सर्वप्रथम रघुवर सरकार के कार्यकाल की जांच करनी चाहिए थी, परंतु ईडी भाजपा के इशारे पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार स्पष्ट रूप से विपक्ष को टारगेट और अपमानित करने के काम में लिप्त है।

आभा सिन्हा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार के इशारे पर ईडी राज्य के मुख्यमंत्री सहित कांग्रेस के विधायकों को टारगेट कर महागठबंधन सरकार पर हमला कर रही है, जिसे राज्य की जनता देख रही है। उन्होंने भाजपा और केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता सब कुछ देख-समझ रही है और आने वाले चुनावों में झारखंड की जनता भाजपा को इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।

Comments