झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा के सेमिनार की तैयारियां पूरी, रांची प्रेस क्लब में होगा आयोजन, पारित होंगे कई प्रस्ताव
झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहू ने दी जानकारी, सांसद संजय सेठ करेंगे उद्घाटन
रांची: झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा के बैनर तले 6 नवंबर (रविवार) को रांची प्रेस क्लब में एक सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। यह सेमिनार 'झारखंड राज्य निर्माण में वैश्य भूमि पुत्रों की भूमिका और उनकी वर्तमान स्थिति' विषय पर आधारित होगा।
उपरोक्त जानकारी देते हुए झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहू ने बताया कि इस सेमिनार का उद्घाटन रांची लोकसभा से भाजपा के सांसद संजय सेठ करेंगे। इस अवसर पर झारखंड आंदोलन से जुड़े रहे तथा राज्य के मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि झारखंड आंदोलन से जुड़े रहे पूर्व विधायक गौतम सागर राणा, वरिष्ठ पत्रकार विष्णु राजगढ़िया, पाकुड़ के दिगंबर साह, शहीद मणिंद्रनाथ मंडल की धर्मपत्नी श्रीमती रेखा मंडल आदि नेताओं एवं बुद्धिजीवियों को सेमिनार में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
महेश्वर साहू ने बताया कि सेमिनार के दौरान वैश्य झारखंड आंदोलनकारियों को स्मृति चिह्न देकर उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता योगेंद्र प्रसाद, झारखंड आंदोलनकारी हीरानाथ साहू एवं अश्विनी कुमार साहू को इस सेमिनार का संयोजक बनाया गया है, जबकि व्यवस्था का प्रभार इंदुभूषण गुप्ता, कपिल प्रसाद साहू तथा गुड्डू साहा को दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस सेमिनार में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।
Comments
Post a Comment