आगामी 24 से 28 नवंबर तक मोरहाबादी मैदान में लगने वाले एक्सपो उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से जारी, लगभग 80 प्रतिशत स्टॉल हुए बुक
जेसीआई रांची का एक्सपो उत्सव होगा कुछ खास, संस्था द्वारा 25वीं बार लगाया जा रहा है यह एक्सपो उत्सव
रांची: जेसीआई रांची द्वारा आयोजित किए जाने वाले एक्सपो उत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यह जेसीआई रांची द्वारा लगाए जाने वाले एक्सपो उत्सव का 25वां संस्करण है। इसका आयोजन आगामी 24 से 28 नवंबर तक मोरहाबादी मैदान में किया जाएगा।
एक्सपो उत्सव के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी अभिषेक केडिया ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रांची के लोगों को एक्सपो उत्सव की प्रतीक्षा है। इस 25वें संस्करण को लेकर संस्था के लोगों में भी भारी उत्साह है और हर सदस्य दिन-रात परिश्रम करने में जुटा हुआ है। इस बार रांची की जनता के समक्ष कुछ नया प्रस्तुत करने की तैयारी चल रही है। इस वर्ष एक्सपो उत्सव में देश-विदेश के लगभग 300 स्टॉल लगेंगे। अब तक लगभग 80 प्रतिशत स्टॉल बुक भी हो चुके हैं।
संस्था के अध्यक्ष जैसी सौरभ शाह ने बताया कि इस वर्ष रांची के लोगों को एक्सपो उत्सव बिल्कुल ही नए अंदाज में दिखाई देगा। यहां अफगानिस्तान के ड्राई फ्रूट्स से लेकर कश्मीर के बेहतरीन केसर भी उपलब्ध होंगे, साथ ही होममेड चॉकलेट से लेकर राजस्थानी मार्बल के स्टेच्यू तक यहां प्रस्तुत किए जाएंगे। इस एक्सपो में इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, फर्नीचर, होम डेकॉर, कॉस्मेटिक्स आदि के कई स्टॉल लगाए जा रहे हैं। यहां लगने वाले ऑटो जोन में ई-स्कूटी की कई रेंज भी देखने को मिलेगी।
सचिव जेसी प्रतीक जैन ने बताया कि इस साल एक्सपो उत्सव में रियल स्टेट के लिए एक अलग हैंगर बनाया गया है। साथ ही फूड जोन को भी इस साल एक नए अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। यहां स्टॉल लगाने वाले स्टॉल धारक ग्राहकों को अच्छी-खासी छूट भी दे सकते हैं। इतना ही नहीं, बच्चों को आकर्षित करने के लिए यहां एम्यूज़मेंट पार्क की भी विशेष व्यवस्था होगी और नए स्टार्टअप्स के लिए एक अलग जोन भी बनाया गया है।
Comments
Post a Comment