बिहार के औरंगाबाद की घटना, घायलों को भेजा गया अस्पताल
औरंगाबाद: आस्था के महापर्व छठ पूजा की धूम के बीच बिहार के औरंगाबाद से बड़ी खबर आई है। सिलेंडर ब्लास्ट से एक घर में आग लगने के बाद 25 लोग झुलस गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जाता है कि हादसा छठ का प्रसाद बनाने के दौरान हुआ। यह नगर थाना क्षेत्र के शाहगंज की घटना है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंकर पुलिस छानबीन कर रही है। घटना में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की बात भी बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक अनिल गोस्वामी नामक औरंगाबाद निवासी के घर में महिलाएं छठ का प्रसाद बना रही थीं। घर के पुरुष सदस्य बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान सिलेंडर से गैस लीक होने लगा। महिलाएं घबराकर बाहर निकल गईं और गर्म होते-होते सिलेंडर में विस्फोट हो गया। विस्फोट से पूरे घर में भीषण आग लग गई।
तेजी से फैलती आग और विस्फोट के कारण लोग इधर-उधर भागने लगे और चीख-पुकार मच गई। मोहल्ले के लोगों की ओर से मौके पर आग को बुझाने की कोशिश की गई। लेकिन, ब्लास्ट से लगी आग में 25 लोग झुलस गए।
इसी दौरान घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। छठ महापर्व के माहौल में इस दर्दनाक घटना से सनसनी फैल गई है।
Comments
Post a Comment