बाबा विद्यापति स्मारक समिति के कार्यालय में 4 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा देवोत्थान एकादशी का पर्व

समिति के कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया निर्णय

रांची: बाबा विद्यापति स्मारक समिति के कार्यालय में आगामी 4 नवंबर को अपराह्न 2:00 बजे से देवोत्थान एकादशी पर्व का धूमधाम से आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में बाबा विद्यापति स्मारक समिति के कार्यालय में कार्यकारिणी समिति एवं सक्रिय सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपरोक्त निर्णय लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के कार्यकारी अध्यक्ष जयंत झा ने कहा कि देवोत्थान एकादशी के दिन भगवान श्रीहरि विष्णु शयनावस्था से जागकर भगवान भोले शंकर जी से अपना कार्यभार वापस ग्रहण करते हैं। इसी अवसर पर देवोत्थान एकादशी का पर्व मनाया जाता है।

उन्होंने बताया कि देवोत्थान एकादशी के अवसर पर समिति के कार्यालय में भगवान श्रीहरि विष्णु की पूजा-अर्चना की जाएगी। यह पूजा पंडित निर्भयकांत झा शास्त्री संपन्न कराएंगे और यजमान की भूमिका वे स्वयं यानी जयंत झा निभाएंगे। इस अवसर पर भगवान श्रीहरि विष्णु को केतारी के सिंहासन पर विराजमान किया जाएगा और पूजा के उपरांत उन्हें मंत्रोच्चारण के साथ जगाया जाएगा।

जयंत झा ने बताया कि इस अवसर पर बाबा विद्यापति स्मारक समिति की महिला मंडली द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही विश्व भर के सभी लोगों के कल्याणार्थ भगवान श्रीहरि विष्णु से प्रार्थना की जाएगी।

इस बैठक में श्रेष्ठ नारायण झा, खुरखुर मामा, निर्भय कांत झा शास्त्री, अमरेंद्र झा, डॉ. पंकज राय, अमरनाथ झा, बीसी झा, कैलाश चौधरी, जय शंकर दुबे, श्याम किशोर चौबे, ज्ञानदेव झा, आशुतोष झा, नीलेश झा, अभय राय, चितरंजन सिन्हा, भुट्टू सिंह तथा महिला मंडली की अध्यक्षा श्रीमती दुर्गा सिंह, बिंदु झा, सोनी झा, सुनीता झा सहित कई लोग शामिल थे।

Comments