झारखंड से कई युवा साथी शामिल होंगे राहुल गांधी की पदयात्रा में: उज्ज्वल प्रकाश तिवारी

युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव दीनबंधु ने की राहुल गांधी के साथ बंगलोर में पदयात्रा

रांची: कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर तक कांग्रेस पार्टी की चलने वाली भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव दिनबन्धु बोयपाई ने बंगलोर में दिनभर पदयात्रा की। मालूम हो कि राहुल गांधी के साथ लगातार 118 पदयात्री चल रहे हैं। देश में नफरत, बेरोजगारी, महंगाई से लड़ाई का सशक्त माध्यम पदयात्रा 150 दिनों में कुल 3570 किमी चलने वाली है।

उक्त आशय की जानकारी देते हुए झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस मीडिया सेल के चेयरमैन सह महासचिव उज्ज्वल प्रकाश तिवारी ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस पार्टी को सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसमें अखंड भारत को फिर से जोड़ने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा देश में नफरत फैलाकर देश को तोड़ने का काम कर रही है। जबकि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी कन्याकुमारी से जम्मू काश्मीर तक पैदल यात्रा कर प्रेम और प्यार से विविधता में एकता लाकर पूरे भारतवर्ष को जोड़ने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में झारखंड प्रदेश से कई युवा साथी राहुल गांधी के साथ पैदल यात्रा करेंगे और देश को जोड़ने में राहुल गांधी का सहयोग करेंगे।

Comments