'भाजपा ने राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में अहम भूमिका निभाई'
रांची: भाजपा के राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रभारी मुरलीधर राव ने भाजपा प्रदेश प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन समारोप सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा ने राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि देश में राष्ट्रवाद के प्रवाह को जन जन में मजबूत करने की दिशा में पार्टी ने जनभावनाओं के अनुरूप लगातार अभियान चलाया है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान स्वर्णाक्षरों में अंकित है। भाजपा ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को मजबूती प्रदान की। साथ ही देश को कलंकित करने वाले भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आंदोलन चलाए। भाजपा सरकार की केंद्र और राज्य सरकारें भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के साथ काम कर रही।
मुरलीधर राव ने कहा कि भाजपा अपने अंत्योदय के कार्यक्रमों के साथ गांव, गरीब, किसान, वंचित एवं शोषित के उत्थान के साथ उन्हें राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी नीति और कार्यक्रमों से आंतरिक और बाह्य लोकतंत्र को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि आज इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी, सर्व समावेशी और सर्व ग्राही बनाने की दिशा में लगातार प्रयास करने का आह्वान किया। समारोप वर्ग की अध्यक्षता प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रदीप वर्मा ने की।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से भारत विश्वगुरू बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने लंबे शासन में आदिवासी समाज को अंग्रेजों की दृष्टि से ही हंटर की तरह समझती थी। आजाद भारत में भले ही कांग्रेस ने कानून बदल दिए, लेकिन व्यवहार में बदलाव नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि पहली बार स्व. अटल बिहारी वाजपेई की सरकार ने आदिवासी मंत्रालय बनाकर समाज के विकास की दिशा को सुदृढ़ किया। उन्होंने कहा कि आज सभी क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नीतियों का निर्माण और समयबद्ध कार्यान्वयन हो रहा है। इस सत्र की अध्यक्षता प्रदेश महामंत्री सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने की।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने चुनाव प्रबंधन विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वर्ग में व्यवस्था परिचय के साथ तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ।
-----------
बेजुबान - आपकी जुबान | Email Us: bejubaan@gmail.com | Mobile: +91 87091 91090
Comments
Post a Comment