विद्यार्थियों के लिए बुधवार से खुलेगा आरयू का चांसलर पोर्टल: डॉ. राजकुमार शर्मा

आजसू ने की रांची विश्वविद्यालय में स्नातक में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल खोलने की मांग

हजारों छात्र-छात्राओं को रांची विश्वविद्यालय में नामांकन का इंतजार

रांची: अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) रांची विश्विद्यालय उपाध्यक्ष अभिषेक शुक्ला ने रांची विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. राजकुमार शर्मा से मिलकर स्नातक में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल अविलंब खोलने की मांग की।

अभिषेक शुक्ला ने कहा कि सभी बोर्ड की 12वीं का परीक्षाफल प्रकाशित हो चुका है। राज्य के हजारों छात्र-छात्राएं रांची विश्वविद्यालय में नामांकन लेने को इच्छुक हैं और नामांकन प्रक्रिया शुरू होने अथवा चांसलर पोर्टल खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

अभिषेक शुक्ला ने कहा कि नामांकन प्रक्रिया में देरी होने से छात्र संघ चुनाव प्रभावित होगा और कई विद्यार्थी छात्र संघ चुनाव में शामिल नहीं हो पाएंगे। छात्र-छात्राओं को उनका प्रतिनिधित्व, उनका हक और अधिकार नहीं मिल पाएगा।

उन्होंने कहा कि अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) छात्रहित में मांग करता है कि नामांकन प्रक्रिया अविलंब शुरू की जाए, जिससे नामांकन प्रक्रिया एवं छात्र संघ चुनाव को ससमय संपन्न कराने के दिशा में आगे बढ़ा जा सके।

इसके पश्चात डीएसडब्ल्यू डॉ. राजकुमार शर्मा ने भरोसा दिलाया कि बुधवार से चांसलर पोर्टल विद्यार्थियों के खोल दिया जाएगा।

-----------

बेजुबान - आपकी जुबान | Email Us: bejubaan@gmail.com | Mobile: +91 87091 91090

Comments