भाजपा करती रहेगी झारखंड के इस्लामीकरण का विरोध: विरंची नारायण

'राष्ट्रपति के संबंध में अधीर रंजन चौधरी का बयान आपत्तिजनक, माफी मांगे कांग्रेस'

भाजपा विधायक दल की बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय

रांची: भाजपा के मुख्य सचेतक विरंची नारायण ने कहा है कि मुख्यमंत्री के इस्तीफे और झारखंड के इस्लामीकरण के विरोध में भाजपा सदन के बाहर आक्रामक रुख अख्तियार करेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद उन्होंने उक्त बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि मॉनसून सत्र में भाजपा सदन के बाहर आक्रामक रहेगी। जिस प्रकार से कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबंध में आपत्तिजनक शब्द कहे हैं, उसपर पार्टी कांग्रेस की अध्यक्षा सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग करेगी।

विरंची नारायण ने कहा कि राज्य अराजकता के दौर से गुजर रहा है। ईडी की कार्रवाई से जिस प्रकार से एक सीए से शुरू हुई कार्रवाई मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि, सलाहकार तक पहुंच चुकी है, ऐसे में मुख्यमंत्री को अब इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के संरक्षण में राज्य का इस्लामीकरण हो रहा है। सरकार के इशारे पर हिंदी विद्यालयों में भी शुक्रवार की छुट्टी हो रही है, प्रार्थना को विवादित बनाया जा रहा है। भाजपा राज्य के इस्लामीकरण का प्रबल विरोध करेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य में अकाल की भयावह स्थिति बन चुकी है। भाजपा राज्य को अविलंब अकाल क्षेत्र घोषित करने की आवाज बुलंद करेगी। साथ ही गौ-तस्करों द्वारा महिला दरोगा की हत्या राज्य की चौपट विधि व्यवस्था को उजागर कर रही है। भाजपा इसके खिलाफ भी सरकार को घेरेगी।

विरंची नारायण ने कहा कि राज्य में बालू की समस्या, सहित राज्य सरकार की वादा खिलाफी को मुद्दा बनाते हुए सरकार को जवाब देने के लिए बाध्य करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार यदि संतोषजनक उत्तर नहीं देती है, तो भाजपा के विधायक सदन को चलने नही देंगे।

इस बैठक में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ ही पार्टी के विधायकगण भी उपस्थित थे।

(स्रोत: वीएनएन - भारत)

-----------

बेजुबान - आपकी जुबान | Email Us: bejubaan@gmail.com | Mobile: +91 87091 91090

Comments