वाईआई रांची और एडवोकेट एसोसिएशन ने किया 100 युनिट से अधिक रक्तदान
थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों के लिए किया गया रक्तदान
रांची: थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों के जीवन को बचाए रखने के लिए यंग इंडियंस रांची और एडवोकेट एसोसिएशन झारखंड हाई कोर्ट के सदस्यों ने एक महा रक्तदान शिविर का आयोजन किया और 100 यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित किया। इस कार्यक्रम में झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एवं वकीलों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम झारखंड हाई कोर्ट परिसर में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया।
इस अवसर पर यंग इंडियंस रांची के अध्यक्ष विकास कुमार सिन्हा ने कहा कि थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों के शरीर में पर्याप्त मात्रा में रक्त नहीं बन पाता है। इसलिए उन्हें नियमित रूप से रक्त चढ़ाने की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने आम जनता से रक्तदान करने के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान करके देखो और किसी की रगों में दौड़ कर देखो, अच्छा लगता है।
इस महा रक्तदान शिविर में अधिवक्ता वैभव मोदी ने सबसे पहले रक्तदान किया। इस शिविर में लगभग 30 लोग ऐसे थे, जिन्होंने पहली बार रक्तदान किया है। यंग इंडियंस रांची ने सभी रक्तदाताओं को मेडल पहनाकर और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।
शिविर के सफल आयोजन के लिए यंग इंडियंस रांची के अध्यक्ष विकास कुमार सिन्हा ने एडवोकेट एसोसिएशन झारखंड हाई कोर्ट, लाइफ़सेवर, झारखंड थैलेसीमिया फाउंडेशन, सदर अस्पताल की टीम और यंग इंडियंस के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर यंग इंडियंस रांची के अध्यक्ष विकास सिन्हा, उपाध्यक्ष हर्ष पसारी, कार्यक्रम निदेशक निखिल अग्रवाल, शैलेश अग्रवाल, अनंत जैन, ऋतेश गुप्ता, विभोर सिंघानिया, पीयूष सरावगी, साकार मोहता, किशन अग्रवाल, आकाश खोसला, राधिका पसारी, शुभम चवन एवं एडवोकेट एसोसिएशन की अध्यक्ष श्रीमती ऋतु कुमार, सचिव नवीन कुमार, कार्यक्रम निदेशक चंचल जैन सहित हाईकोर्ट के कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
(स्रोत: वीएनएन - भारत)
-----------
बेजुबान - आपकी जुबान | Email ID: bejubaan@gmail.com | Mobile: +91 87091 91090
Comments
Post a Comment