जब भी बाजार जाएं, अपने साथ थैला अवश्य ले जाएं: संजय सेठ

जगन्नाथपुर मंदिर प्रांगण में सांसद ने किया जूट के थैले का वितरण

देश को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम में जुटे हैं सांसद

रांची: रांची लोकसभा सीट से भाजपा सांसद संजय सेठ ने आम जनमानस से प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और जूट से बने थैले का उपयोग करने का आह्वान करते हुए जगन्नाथपुर मंदिर प्रांगण में जूट के थैले का वितरण किया। जूट का थैला वितरित करते हुए सांसद संजय सेठ ने लोगों से पर्यावरण को सुरक्षित करने के लिए प्लास्टिक मुक्त अभियान को सफल बनाने की अपील भी की।

बता दें कि देश की आजादी को 75 वर्ष होने के अवसर पर चल रहे अमृत महोत्सव के दौरान देश के साथ ही शहर को भी प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से सांसद संजय सेठ ने लगभग 5 माह पूर्व जूट से निर्मित एक लाख थैले बनवाए थे। सांसद की ओर से ये थैले रांची लोकसभा के अंतर्गत आने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों एवं रांची के सभी मंडलों में मौजूद ग्रामीण क्षेत्रों तथा सब्जी मंडियों आदि में जनता के बीच निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं।

अब तक लगभग 80 हजार 700 थैलों का वितरण किया जा चुका है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को प्लास्टिक और थर्मोकोल का उपयोग बंद करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

सांसद संजय सेठ ने कहा कि प्लास्टिक और थर्मोकोल से बने प्लेट, थाली, कटोरी आदि में भोजन करने से कैंसर का खतरा बना रहता है। इसलिए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पिछले 5 महीने से यह मुहिम जारी है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जब भी बाजार जाएं, तो साथ में थैला अवश्य लेकर जाएं। साथ ही किसी भी धार्मिक अनुष्ठान अथवा शादी विवाह के अवसर पर सखुआ के पत्तों से बने पत्तल का उपयोग करें।

उन्होंने बताया कि उनके द्वारा वितरित किया जा रहा जूट का थैला बहुत ही मजबूत है और इस थैले में 20 से 25 किलोग्राम तक का सामान आसानी से ले जाया जा सकता है। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय जायसवाल भी उपस्थित थे।

(स्रोत: वीएनएन - भारत)

-----------

बेजुबान: Voice of the Voiceless | Email ID: bejubaan@gmail.com | Mobile: +91 87091 91090

Comments