झारखंड कांग्रेस ने ईडी के घेराव कार्यक्रम में किया परिवर्तन, अब यहां होगा धरना

कार्यक्रम का स्वरूप बदला है, परंतु विरोध उतना ही मुखर होगा: राजीव रंजन प्रसाद

राजेश ठाकुर (बाएं) और राजीव रंजन प्रसाद (दाएं)

रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर 13 जून को पूरे देश में प्रदर्शन निदेशालय के मुख्यालय पर किए जाने वाले घेराव और प्रदर्शन के कार्यक्रम के अंतर्गत झारखंड की राजधानी रांची में होने वाले कार्यक्रम में मामूली फेरबदल किया गया है। अब रांची में यह कार्यक्रम कांग्रेस भवन में ही आयोजित किया जाएगा। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने उक्त जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के इशारे पर राहुल गांधी के विरुद्ध प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पक्षपातपूर्ण कार्रवाई किए जाने के विरोध में देश भर के सभी राज्यों में राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत ईडी मुख्यालय के समक्ष घेराव और प्रदर्शन करके विरोध जताने का कार्यक्रम है। परंतु झारखंड में अचानक बदले माहौल के कारण इस कार्यक्रम में परिवर्तन किया गया है।

राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि झारखंड में अब यह कार्यक्रम राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर जिलाध्यक्षों के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन के रूप में आयोजित किया जाएगा एवं संबंधित जिला के उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। मुख्य धरना कार्यक्रम झारखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन, श्रद्धानंद पथ, रांची में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर जी के नेतृत्व में 13 जून को पूर्वाह्न 10.30 बजे से सम्पन्न होगा।

उन्होंने कहा कि हमारे कार्यक्रम का स्वरूप जरूर बदला है, परन्तु हमारा विरोध उतना हीं मुखर होगा, क्योंकि यह सत्य की लड़ाई है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और हमारे नेतृत्व का इरादा बड़ा स्पष्ट है। इरादा स्पष्ट रूप से यह सुनिश्चित करना है कि नेशनल हेराल्ड, जो कांग्रेस पार्टी की विरासत का प्रतीक है, उसके मूल्य हमेशा जीवित रहें और हमारे आदर्शों एवं सिद्धांतों को  व्यक्ति करने में नेशनल हेराल्ड हमारी आवाज बना रहे। सत्य की हमेशा विजय हुई है और इस बार भी राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व इस अग्नि परीक्षा से ओजस्वी होकर उभरेंगे।

प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कांग्रेस भवन, रांची में आयोजित विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में रांची महानगर एवं रांची जिला ग्रामीण के अध्यक्ष को अपने पदाधिकारियों के साथ भाग लेने का निर्देश दिया है।

-----------

बेजुबान: Voice of the Voiceless | Email ID: bejubaan@gmail.com | Mobile: +91 87091 91090

Comments