कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता आभा सिन्हा ने केंद्र सरकार पर किया कटाक्ष
आभा सिन्हा की फाइल फोटो
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की प्रवक्ता आभा सिन्हा ने मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने के अवसर पर भाजपा के ऊपर बड़ा कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा ने सरकार की उपलब्धियों को तो प्रमुखता से गिनाया है, परंतु यह नहीं बताया कि सत्ता में आने से पहले लोगों से जो वादे किए गए थे, उनका क्या हुआ।
आभा सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से मोदी सरकार के कार्यों को बताते हुए तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं। लेकिन यह नहीं बताया जा रहा है कि दो करोड़ नौकरियां देने का जो वादा किया गया था, उसका क्या हुआ। कहीं वह वादा भी केवल एक जुमला ही तो नहीं था।
उन्होंने कहा कि पिछले 8 वर्षों के दौरान देश का माहौल बहुत खराब हो चुका है। पिछले 70 वर्षों के दौरान देश का विकास जिस गति से हुआ था, उससे भी तेज गति से इस सरकार ने देश का माहौल और स्थिति को खराब कर दिया है। देश की प्रगति के लिए जिन सार्वजनिक उपक्रमों-पीएसयू का गठन किया गया था, उन्हें मोदी सरकार बेच रही है। सरकारी नौकरियों के अवसर को खत्म करके आरक्षण को समाप्त करने की दिशा में काम चल रहा है।
आभा सिन्हा ने कहा कि 70 वर्षों के इतिहास में पहली बार देश का रुपया सबसे निचले स्तर पर पहुंच चुका है। पेट्रोल और डीजल के दाम बहुत अधिक हो गए हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बहुत कम हैं। इसके बाद भी देश में तेल की कीमत बहुत अधिक है। इस कारण आम लोगों का जीना दूभर हो चुका है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने के कारण आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी आसमान छू रही हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार उज्जवला योजना का ढोल पीटती है। लेकिन नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने इस सरकार की उज्जवला योजना को असफल बताया है और कहा है कि लोग एक बार तो सिलेंडर भरवाने के लिए आते हैं, परंतु इसकी कीमत अत्यधिक होने के कारण दूसरी बार सिलेंडर नहीं भरवाते हैं।
(स्रोत: विशेष न्यूज नेटवर्क - भारत)
-----------
बेजुबान: Voice of the Voiceless | Email ID: bejubaan@gmail.com | Mobile: +91 87091 91090
Comments
Post a Comment