नाबालिग के साथ नवंबर में हुआ दुष्कर्म, गर्भ में पल रहा है 6 माह का शिशु

कीटनाशक दवा पीकर नाबालिग ने की आत्महत्या की कोशिश


भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर ने की सुरक्षा देने की मांग

रांची: नगड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली एक नाबालिग बच्ची के साथ लगभग 6 महीने पहले दुष्कर्म होने की जानकारी सामने आ रही है। बताया जाता है कि दुष्कर्म का आरोपी बच्ची का पड़ोसी ही है। इस समय उक्त बच्ची के गर्भ में 6 माह का शिशु पल रहा है। लोक-लाज के भय से उक्त बच्ची ने खुद को खत्म करने के लिए कीटनाशक दवा पीकर आत्महत्या का प्रयास भी किया है।

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर ने जिला प्रशासन से उक्त नाबालिग पीड़िता को सुरक्षा देते हुए दुष्कर्म के आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने ने बताया कि इस घटना को लेकर गांव वाले काफी आक्रोशित हैं। उन्होंने कहा कि जब वह बच्ची ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी, तो उसी दौरान आरोपी ने मुंह दबाकर उसे अपने घर में खींच लिया और हाथ-पैर बांध कर उसके साथ दुष्कर्म किया।

उन्होंने बताया कि बच्ची के साथ अन्याय करने के बाद आरोपी ने उसे यह बात किसी को न बताने की चेतावनी देते हुए कहा कि घटना की जानकारी किसी को देने पर उसके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इस भय से उक्त बच्ची ने उस समय इस बात की जानकारी किसी को नहीं दी।

आरती कुजूर ने कहा कि कुछ दिनों पहले जब उक्त नाबालिग बच्ची को अपने शरीर में परिवर्तन होता दिखा, तो उसने किसी प्रकार की बीमारी की आशंका को देखते हुए अपने परिजनों को जानकारी दी। तब पता चला कि उसके गर्भ में 6 माह का शिशु पल रहा है। इसके बाद लोक-लाज के भय से उक्त बच्ची ने कीटनाशक दवा पीकर खुद को खत्म करने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि बच्ची की स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए। इस घटना को लेकर आक्रोशित गांववालों ने उन्हें (आरती कुजूर को) पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे स्वयं पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने पहले नगड़ी थाने पहुंचकर इस घटना की जानकारी ली और उसके बाद अस्पताल पहुंचकर बच्ची और उसके परिजनों से मुलाकात की।

आरती कुजूर ने बताया कि उन्होंने इस घटना की जानकारी रांची बाल कल्याण समिति को भी दे दी है। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म की शिकार बच्ची का बयान और उसकी मेडिकल जांच के साथ ही उसकी सुरक्षा भी बहुत मायने रखती है। बच्ची की मानसिक स्थिति देखते हुए उसे उचित काउंसलिंग की सुविधा प्रदान करना भी आवश्यक है। उन्होंने सरकार से उक्त बच्ची को सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के साथ ही दुष्कर्म के आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।

आरती कुजूर के साथ नगड़ी थाने और अस्पताल जाकर बच्ची तथा उसके परिजनों से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में महामंत्री सीमा सिंह, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल प्रभारी पिंकी खोया, मंडल अध्यक्ष राकेश केसरी, बिरसा मिंज, रांची ग्रामीण की उपाध्यक्ष शीला देवी सहित कई अन्य लोग शामिल थे।

(स्रोत: विशेष न्यूज नेटवर्क - भारत)

-----------

बेजुबान: Voice of the Voiceless | Email ID: bejubaan@gmail.com | Mobile: +91 87091 91090

Comments