दीपक प्रकाश का हमला - 'हेमंत सरकार खड़ी है भ्रष्टाचारियों के साथ'

सीएम का बयान हास्यास्पद और साढ़े तीन करोड़ जनता को ठेस पहुंचाने वाला: दीपक प्रकाश

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने पत्रकार वार्ता में लगाए गंभीर आरोप

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर कड़ा हमला बोला है। वे राज्य में ईडी द्वारा खनन सचिव पूजा सिंघल सहित उनसे जुड़े अन्य 25 ठिकानों पर की गई छापेमारी पर मुख्यमंत्री के बयानों के संदर्भ में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान से स्पष्ट है कि हेमंत सरकार और स्वयं मुख्यमंत्री भ्रस्टाचारियों के पीछे बचाव में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी का बयान हास्यास्पद ही नहीं, बल्कि राज्य की 3.50 करोड़ जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला भी है।

दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा राज्य की लुटती खनिज संपदा के लिए मूकदर्शक नहीं बन सकती। पार्टी एक सशक्त विपक्ष के रूप में  चौकीदारी कर रही है। सदन से सड़क तक पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय की शरण में भी जा रहे हैं।

उन्होंने ईडी की कार्रवाई को मोदी सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति बताया। उन्होंने कहा कि यह राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ पहले पायदान की कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार की छापेमारी में 19.36 करोड़ रुपए नकद बरामद हुए। साथ ही सूचना है कि 150 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के खिलाफ इस मुहिम में केंद्र सरकार को धन्यवाद देते, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि वे भ्रष्टाचार के साथ खड़े हो गए।

दीपक प्रकाश ने कहा कि बौखलाहट में  सत्ताधारी दल झामुमो और मुख्यमंत्री के बयान विरोधाभासी हैं। पार्टी कार्रवाई को उचित ठहरा रही है, जबकि मुख्यमंत्री को ये सब गीदड़ भभकी लग रही है। उन्होंने कहा कि कारण स्पष्ट है कि मामला खान सचिव से जुड़ा है और खान विभाग के मंत्री स्वयं मुख्यमंत्री हैं।

उन्होंने ईडी से जांच के दायरे की परिधि को बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि कई जिला खनन पदाधिकारी राज्य के खनिज संसाधनों को लुटवाने में शामिल हैं। ये पदाधिकारी अवैध तरीके से की गई कमाई को अवैध स्थानों पर पहुंचाते हैं, जिसकी पूरी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना सरकारी संरक्षण के खनिज संपदा की लूट नहीं हो सकती। राज्य से कोयला, बालू, स्टोन चिप्स के अवैध उत्खनन एवं तस्करी की जांच होनी चाहिए, जिससे यह साबित होगा कि इस लूट में कौन-कौन राजनेता, पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं।

कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार के लिए कांग्रेस पार्टी बराबर की हिस्सेदार है। जब-जब यूपीए दलों, कांग्रेस, झामुमो, राजद की सरकार बनी है, भ्रष्टाचार का पैमाना बढ़ा है। मधु कोड़ा की सरकार राज्य की जनता भूली नहीं है। कांग्रेस पार्टी ने मधु चूस लिया और कोड़ा खाने को छोड़ दिया। यूपीए शासन में केंद्र और राज्य में भ्रष्टाचार का इतिहास पुराना है। कांग्रेस ने चाल-चरित्र नहीं बदला, तो जनता उनके चेहरे को फिर से बेनकाब करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार को राज्य की जनता से कुछ भी लेना-देना नहीं है। मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की अनुशंसा करनी चाहिए। इस पत्रकार वार्ता में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक एवं प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह भी उपस्थित थे।

-----------

बेजुबान: Voice of the Voiceless
Email ID: bejubaan@gmail.com
Mobile: +91 87091 91090

Comments