'जानबूझकर झारखंड सरकार को अस्थिर करने का प्रयास'
आने वाले 60 दिनों में अधिक से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य
रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव व झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने अपने दो दिवसीय कार्यक्रम के उपरान्त कांग्रेस भवन, रॉंची में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा, बन्धु तिर्की, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, मंत्री बादल पत्रलेख, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता प्रदीप यादव उपस्थित थे।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि पिछले 40 दिनों से चलाए जा रहे संगठन सशक्तिकरण अभियान के तहत काम किया जा रहा है। झारखंड के सभी जिलों के वरिष्ठ कांग्रेसजन, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी को एक कार्यसूची दी गई थी, जिसमें मुख्य रूप से सदस्यता अभियान के माध्यम से सदस्यता अभियान एवं राज्य स्तर से लेकर तीस हजार बूथ तक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का एक समूह खड़ा करने का जो बीड़ा उठाया गया है। मुझे खुशी है कि दो दिवसीय समीक्षा बैठक में बहुत ही सकारात्मक प्रगति संगठन ने किया है, जिसमें 24 जिलों में हमारे जितने भी संयोजक, समन्वयक, सदस्यता प्रभारी, जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष एवं सभी कार्यकारी अध्यक्षों ने समीक्षा बैठक में पूर्ण समन्वय के साथ सभी जिला के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गयी।
उन्होंने कहा कि 24 जिलों में आने वाली चुनौतियों में संगठन की भूमिका एवं मुख्य रूप से होने वाले पंचायत चुनाव, जो किसी पार्टी सिम्बल पर नहीं हो रहा है, उसमें अच्छी सोच रखने वाले मजबूत लोग जीतकर आएं एवं लोगों की सेवा करें। इसके साथ जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर संगठन चुनाव की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने जा रही है, जिसके तहत यहां के पीआरओ, एपीआरओ के साथ भी समीक्षा बैठक हुई और सदस्यता अभियान को और आगे तेज गति से बढ़ा सकते हैं, जिसका दूसरा चरण 1 मई से शुरू हो गया है। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले 60 दिनों में झारखंड के तीस हजार बूथों पर अधिक से अधिक सदस्यता ग्रहण करवाकर कांग्रेस को मजबूती प्रदान कर सकें।
अविनाश पांडे ने कहा कि राज्य में हो रही राजनीतिक गतिविधियां और यहां पर चुनी हुई लोकप्रिय सरकार को विपक्ष द्वारा अस्थिर करने का और जनता के बीच भ्रम फैलाने का एक प्रयत्न जो शुरू हुआ है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से संविधान, न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास रखती है। लेकिन इस समय पूरे देश में और खासकर झारखंड में अनेक समस्याएं हैं, जिनके निराकरण के लिए सरकार और प्रशासन को खड़ा होने की आवश्यकता है। परंतु सरकार के समक्ष असमंजस की स्थिति खड़ी की जा रही है, जिसकी हम निंदा करते हैं। मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से पूरे देश में भ्रम फैलाकर नफरत का माहौल पिछले दिनों भाजपा सरकार गैर भाजपा शासित राज्यों में फैलाया जा रहा है, वह आम जनता के लिए बेहद घातक है। केन्द्र की भाजपा सरकार अपनी नाकामियों जैसे मंहगाई, बेरोजगारी आदि से ध्यान भटकाने के लिए ऐसा कर रही है। आरबीआई रेपो रेट 4.40 प्रतिशत कर दिया, जिसका सीधा असर देश की आम जनता पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा द्वारा सरकारी संस्थाओं को बेचा जा रहा है, उससे भी बेरोजगारी की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। इससे रोजगार के अवसर कम ही नहीं हुए हैं, लोग निराश होकर उम्मीदें छोड़ चुके हैं। कुल मिलाकर अपनी सभी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए जाति-धर्म के नाम पर उन्माद फैलाकर, कहीं पर संवैधानिक संस्थाओं को डिक्टेट करते हुए स्थिर सरकार जो सफलतापूर्वक कार्य कर रही है, उसे अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है। इन सब चीजों से हमें सावधान रहना होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड की मौजूदा सरकार ने पांच वर्ष के लिए विश्वास मत हासिल किया है। यह अपना कार्यकाल पूरा करेगी। पूरा गठबंधन एकजूटता के साथ ऐसी उनसभी ताकतों का डटकर सामना करते हुए जनता की स्वराज एवं सुशासन देने का पूरा प्रयत्न करेगा।
-----------
बेजुबान: Voice of the Voiceless
Email ID: bejubaan@gmail.com
Mobile: +91 87091 91090
Comments
Post a Comment