'झारखंड कांग्रेस के सदस्यता अभियान में रिकॉर्ड मेंबरशिप'

पार्टी के सदस्यता अभियान का परिणाम सकारात्मक: अविनाश पांडे

कांग्रेस भवन में हुई राज्य स्तरीय समन्वय समिति की बैठक

रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर झारखंड में चलाया गया पार्टी का सदस्यता अभियान अत्यंत सफल रहा है। इसके परिणाम सकारात्मक और सुखद आए हैं। राज्य में पार्टी के सदस्यता अभियान के तहत रिकॉर्ड मेंबरशिप हासिल की गई है। कांग्रेस का लक्ष्य इस अभियान को राज्य के सभी बूथों तक पहुंचाना है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव एवं झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे ने कांग्रेस भवन में राज्य स्तरीय समन्वय समिति के सदस्यों की बैठक को संबोधित करते हुए उपरोक्त बातें कहीं। वे दो दिवसीय दौरे पर रांची आए हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी नेताओं, विधायकों एवं कार्यकर्ताओं ने पूरी लगन और निष्ठा के साथ सदस्यता अभियान को पूरा किया।

इस बैठक के बारे में जानकारी देते हुए पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने बताया कि बैठक में इस अभियान को लेकर आगामी रणनीति तय हुई। चिंतन शिविर और उसके बाद प्रमंडल, जिला एवं सभी प्रखंड स्तरों पर सफल संवाद कार्यक्रम से संगठन को कितनी मजबूती हुई, उस पर समिति के सदस्यों ने सुझाव दिये। समिति द्वारा इस पर जल्द ही एक रिपोर्ट दी जाएगी।

राकेश सिन्हा ने कहा कि अविनाश पांडे ने प्रदेश कांग्रेस को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए हर व्यक्ति ने अपने स्तर से काम किया है। चाहे बात सदस्यता अभियान की हो या फिर संगठन सशक्तिकरण की हो।

बैठक में अविनाश पांडे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निर्वाचन आयोग द्वारा भेजे गए नोटिस पर कहा कि नोटिस कानूनी प्रक्रिया है। कानून अपना काम कर रहा है। उन्हें कानून पर विश्वास है। जो भी निर्णय होगा, वह स्वीकार होगा। इससे गठबंधन या सरकार को किसी तरह का खतरा नहीं है। यह भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। देश में जहां-जहां गैर भाजपाई सरकार है, वहां मुहिम चली हुई है कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनकर आई सरकार को किसी भी तरह से अस्थिर किया जाए।

उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर विश्वास है। कांग्रेस पार्टी को अपने सभी गठबंधन पर विश्वास है। बीजेपी का जो तंत्र चल रहा है, वह कभी कामयाब नहीं होगा। गठबंधन की सरकार झारखंड में मजबूती से 5 वर्ष पूरा करेगी और राज्य की जनता का आकांक्षाओं पर खरा उतरेगी। इसके साथ ही कांग्रेस के विधायक पूरी तरह से एकजुट हैं और मजबूती के साथ खड़े हैं।

अविनाश पांडे ने कहा कि जब सरकार गरीब आदिवासियों के लिए काम कर रही है. तो उसे कैसे रोका जा सके, यह काम भाजपा कर रही है। आज पूरे देश में जिस तरह से अर्थव्यवस्था चरमराई हुई है, महंगाई बढ़ रही है, उसे संभालने में केंद्र सरकार विफल रही है। अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के नए-नए मुद्दे रोज लाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में हो रहे पंचायत चुनाव में जो भी जनप्रतिनिधि चुने जायेंगे, उन्हें कांग्रेस पार्टी संगठन में जगह देंगी। पार्टी चुने हुए जनप्रतिनिधियों के अनुभव को संगठन की मजबूती में इस्तेमाल करेगी। इसके लिए आगामी जून में राज्य स्तरीय सम्मेलन का भी आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि 20 मई के बाद सम्मेलन की विस्तृत जानकारी दी जायेगी।

समन्वय समिति की बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, सुबोधकांत सहाय, डॉ. अजय कुमार, गीता कोड़ा, धीरज प्रसाद साहु, बादल पत्रलेख, बंधु तिर्की, शाहजादा अनवर, प्रदीप बलमुचू, सुखदेव भगत शामिल थे।

-----------

बेजुबान: Voice of the Voiceless
Email ID: bejubaan@gmail.com
Mobile: +91 87091 91090

Comments