'भ्रष्टाचार की हदें पार करके इस सरकार ने शासन का नैतिक अधिकार खो दिया'
भाजपा कोर कमिटी की बैठक में हेमंत सरकार की नाकामी पर हुई चर्चा
रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा है कि झारखंड की हेमंत सरकार अपनी नाकामियों और विफलताओं से घिरी हुई है। इस सरकार ने भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी है। इसलिए भाजपा राज्य की चौकीदारी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को राज्य की जनता ने विपक्ष की भूमिका सौंपी हैऔर पार्टी उसका ईमानदारी से निर्वहन कर रही है।
वे भाजपा प्रदेश कार्यालय में कोर कमिटी की बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कोर कमिटी की बैठक में राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और सरकार की नाकामियों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा जज या पुलिस नहीं, बल्कि राज्य की सुरक्षा में चौकीदार है। हम राज्य की चौकीदारी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जज तो सवा तीन करोड़ जनता है, जो समय पर आपको सजा सुनाएगी। भाजपा मजबूत विपक्ष की भूमिका में जनता को आपकी नाकामियां बता रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार बताए कि मुख्यमंत्री ने अपने नाम पर अपनी कलम से कैसे खान का लीज ले लिया। उन्होंने तो एक उद्योग मंत्री के रूप मे पत्नी को औद्योगिक भूमि आवंटित कर दिया, अपने भाई, अपने प्रतिनिधि को भी खनिज के पट्टे दे दिए।
दीपक प्रकाश ने कहा कि ऐसे इतिहास रचने का जवाब जनता मांग रही है और जवाब देना पड़ेगा। यह राज्य किसी परिवार की जागीर नहीं, बल्कि सवा तीन करोड़ जनता की अमानत है। जनता ने राज्य सरकार को बड़ी उम्मीद से सेवा का अवसर दिया है। लेकिन सारी उम्मीदें अब टूट गईं। यह गठबंधन सरकार ठगबंधन ही साबित हुई।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में इस सरकार ने राज्य के पिछड़ा समाज को धोखा दिया। जाति प्रमाणपत्र से धर्म का कॉलम हटाकर जनजाति समाज को धोखा दिया। यह सरकार जनविरोधी, पिछड़ा विरोधी, महिला विरोधी, दलित विरोधी सरकार है, जिसने शासन करने का नैतिक अधिकार खो दिया है।
दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित कोर कमिटी की बैठक में भाजपा विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवींद्र कुमार राय, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद सुनील सिंह, विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद समीर उरांव शामिल थे।
-----------
बेजुबान: Voice of the Voiceless
Email ID: bejubaan@gmail.com
Mobile: +91 87091 91090
Comments
Post a Comment