झामुमो का मिलेगा सहयोग, कांग्रेस के खाते में एक सीट का योग
कांग्रेस और झामुमो के बीच चल रही थी खींचतान
रांची: पूरे देश के विभिन्न राज्यों से राज्यसभा प्रत्याशियों की घोषणा जारी है। इसे लेकर विभिन्न राजनीतिक दल एक-दूसरे के साथ सहयोग करने में भी जुटे हुए हैं। लेकिन झारखंड में सत्ता के साथी दो दलों, यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के बीच इस विषय पर खींचतान मची हुई है। हालांकि अब सूत्रों से पता चला है कि दोनों दलों के बीच आपसी सहमति बन गई है और राज्यसभा की एक सीट कांग्रेस को मिलने वाली है।
सूत्रों से पता चला है कि झारखंड में कांग्रेस और झामुमो की बात बन गई है। अब झामुमो के सहयोग से कांग्रेस को झारखंड से एक राज्यसभा सीट मिलने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच हुई बैठक के बाद ये तय हुआ।
इससे पहले सोनिया और हेमंत सोरेन के बीच हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि राज्यसभा की सीट किसके खाते में जाएगी, इसके बारे में शीघ्र ही घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में राज्यसभा चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी हो गई है। झारखंड में भी दो सीट को लेकर राज्यसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर हमने सोनिया जी से मुलाकात की है। झारखंड की राजनीतिक परिस्थिति को लेकर भी चर्चाएं की हैं।
हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्होंने सोनिया गांधी से मुलाकात कर उन्हें राज्यसभा चुनाव के बारे में जानकारी दी। झारखंड में भी राज्यसभा की दो सीटें हैं। हमने इस विषय पर चर्चा की, उन्हें अवगत कराया। हालांकि इस दौरान सीएम सोरेन ने इसके संकेत नहीं दिए कि वो कांग्रेस को एक सीट देने पर सहमत हुए हैं। लेकिन अब जो जानकारी सामने आई है, उसमें ये साफ है कि राज्यसभा सीट को लेकर दोनों दलों के बीच आपसी सहमति बन गई है।
बता दें कि इससे पहले 82 सदस्यीय विधानसभा में 30 विधायकों वाली झामुमो ने चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला किया था। झारखंड में दस जून को राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान होना है। 82 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में 81 निर्वाचित सदस्य होते हैं, लेकिन इस समय झारखंड विकास मोर्चा से कांग्रेस में गए विधायक बंधु तिर्की की सदस्यता आय से अधिक संपत्ति मामले में 28 मार्च को तीन वर्ष कैद की सजा पाने के बाद समाप्त हो चुकी है। इस कारण विधानसभा में मतदान करने योग्य कुल सदस्यों की संख्या 80 ही रह गयी है। इसीलिए राज्य की वर्तमान विधानसभा में 26.67 मत पाने वाले उम्मीदवार का राज्यसभा में जाना तय माना जा रहा है।
इस समय झारखंड विधानसभा में सत्ताधारी झामुमो के पास 30 विधायक हैं, जबकि उसकी समर्थक कांग्रेस के कुल 17 विधायक हैं और दूसरी समर्थक पार्टी आरजेडी का एक विधायक है। दूसरी ओर मुख्य विपक्षी भाजपा के कुल 26 विधायक हैं और उसे कम से कम दो अन्य विधायकों के समर्थन का विश्वास है। ऐसे में राज्यसभा में सत्ताधारी गठबंधन और विपक्ष दोनों के एक-एक सदस्यों के चुने जाने की संभावना है।
-----------
बेजुबान: Voice of the Voiceless
Email ID: bejubaan@gmail.com
Mobile: +91 87091 91090
Comments
Post a Comment