'त्याग और बलिदान नहीं, बल्कि मोलभाव का रिश्ता'

जनता के मुद्दों को गंभीरता से ले कांग्रेस: दीपक प्रकाश

भाजपा ने बोला कांग्रेस पर बड़ा हमला

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कांग्रेस पार्टी पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने साथी झामुमो से कुर्सी के लिए त्याग और बलिदान की बात कर रही है, लेकिन झारखंड को लूटने और लुटवाने में दोनों पार्टियां शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि अच्छा तो यह होता कि कांग्रेस पार्टी झारखंड में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए त्याग और बलिदान की बात करती, महिलाओं की सुरक्षा के लिए चिंता व्यक्त करती, किसानों की ऋण माफी के लिए मुख्यमंत्री पर दबाव बनाती, युवाओं को प्रतिवर्ष 5 लाख रोजगार दिलाने के लिए सरकार पर दबाव बनाती, दलित आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए सरकार से अनुरोध करती, पिछड़ों को पंचायत में आरक्षण दिलाने के लिए दबाव बनाती। ऐसी स्थिति में जनता उनकी सराहना करती, लेकिन कांग्रेस पार्टी का कभी भी जनमुद्दों के समाधान से नाता नहीं रहा।

दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जब भी सरकार पर दबाव बनाती है, तो केवल कुर्सी और पद के लिये। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी कांग्रेस ने बोर्ड निगम, 20 सूत्री कमिटी में स्थान पाने के लिए मुख्यमंत्री पर दबाव बनाने की कोशिश की थी।

उन्होंने कहा कि वैसे भी कांग्रेस और झामुमो का पुराना रिश्ता त्याग और बलिदान का नहीं, बल्कि मोलभाव का ही रहा है। उन्होंने कहा कि देश मे यूपीए शासन में आकाश, पाताल और जमीन को बेच देने वाली कांग्रेस पार्टी को बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। भ्रष्टाचार की जननी कांग्रेस ने अपने 50 वर्षों से अधिक के शासन में भारत की पहचान मिटाने की कोशिश की। यह वही कांग्रेस है, जिसने देश मे सर्वाधिक दंगे करवाए, शासन प्रशासन का सांप्रदायिकरण किया, संवैधानिक संस्थानों की मर्यादाएं समाप्त कीं, वंशवाद और परिवारवाद से लोकतंत्र को कमजोर किया और देश की संप्रभुता को खतरे में डाला।

दीपक प्रकाश ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। भारत आज विश्व की महाशक्तियों का पिछलग्गू नहीं, बल्कि अगुआ है। भारत का आम जनमानस आज विकास की मुख्यधारा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी डूबती नैया को बचाये, देश की चिंता प्रधानमंत्री कर रहे हैं क्योंकि जनता ने उनपर भरोसा किया है।

-----------

बेजुबान: Voice of the Voiceless
Email ID: bejubaan@gmail.com
Mobile: +91 87091 91090

Comments