केवल लालू दे सकते हैं मोदी को उन्हीं की भाषा में जवाब: शैलेश कुमार
रांची: युवा राष्ट्रीय जनता दल की राज्यस्तरीय बैठक रविवार को प्रदेश राजद कार्यालय में हुई। बतौर मुख्य अतिथि युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेश कुमार उर्फ बुल्लो मंडल उपस्थित हुए। वहीं विशिष्ठ अतिथि के रूप में प्रदेश राजद अध्यक्ष संजय सिंह यादव, रंजन कुमार यादव उपस्थित हुए।
इस राज्यस्तरीय बैठक में संगठन की मजबूती और अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर चर्चा हुई। साथ ही पंचायत चुनाव की तैयारी पर रणनीति भी बनी। राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेश कुमार उर्फ बुल्लो मंडल ने कहा कि संगठन मजबूत करने में युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि यदि एक युवा जाग गया, तो पूरा संसार जीत सकता है। वर्तमान समय में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। वे लोग मोबाइल पर फेसबुक में व्यस्त रहते हैं। यदि वे पार्टी संगठन के लिए काम करें, तो पार्टी मजबूत हो जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को लक्ष्य साधकर आगे बढ़ना होगा। जब तक संगठन मजबूत नहीं होगा, आपकी पहचान नहीं बनेगी।
उन्होंने कहा कि आज पीएम या सीएम सभी संगठन के बल पर ही बने हैं। चौबीस घंटे में कम से कम एक घंटा संगठन को जरूर दें। हमलोग सोचते नहीं, भटक जाते हैं। शैलेश कुमार उर्फ बुल्लो मंडल ने कहा कि बिहार झारखंड की भूमि सदैव उर्वरक की रही है। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने कहा कि 2018 में लालू प्रसाद ने गांधी मैदान में तमाम विपक्षी दल को एक मंच पर लाने का काम किया था। विपक्ष की एकजुटता से भाजपा घबरा गई और लालू को जेल में डाल दिया। मोदी को मोदी की भाषा में जवाब देने वाला एक मात्र नेता लालू प्रसाद है। वहीं सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाने का काम तेजस्वी यादव ने किया। झारखंड में आने वाले दिनों राजद की जरूर सरकार बनेगी। उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि संगठन मजबूती पर तेजी से काम हो रहा है। अधिक से अधिक संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव ने कहा कि पार्टी में युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है। युवा अब जाग गए हैं। आने वाले समय में राजद मजबूत स्थिति में होगी।
इस कार्यक्रम को झारखंड प्रभारी राजीव झा, बिनोद भोक्ता, रविप्रकाश जयसवाल, मनोज कुमार, विशु विशाल यादव सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन गौरीशंकर यादव ने किया। राज्यस्तरीय बैठक में बड़ी संख्या में युवाओं ने राजद की सदस्यता ग्रहण की।
-----------
बेजुबान: Voice of the Voiceless
Email ID: bejubaan@gmail.com
Mobile: +91 87091 91090
Comments
Post a Comment